Thursday, July 7, 2011

क्या आपने पुदुच्चेरी का नक्शा देखा है?

केन्द्र शासित क्षेत्र पुदुच्चेरी के यनम, काराकेल और माहे एक-दूसरे से जुड़े क्यों नहीं हैं?
अजय


पुदुच्चेरी, जिसे पहले पॉन्डिचेरी कहते थे, अपने किस्म का निराला क्षेत्र है जिसके चारों जिले एक-दूसरे से जुड़े नहीं हैं। ये जिले है:पुदुच्चेरी और कराइकल जो तमिलनाडु से घिरे हैं, यनम आन्ध्र प्रदेश में और माहे केरल मे है। पुदुच्चेरी और कराइकल इनमे से सबसे बड़े जिले हैं। पुदुच्चेरी फ्रांसीसी उपनिवेश था जिसमे चार जिले होते थे। सबसे बड़े जिले के नाम पर इसका नाम पुदुच्चेरी पड़ा। यह क्षेत्र लगभग 300 साल तक फ्रांसीसी अधिकार में रहा। आज भी यहाँ के कुछ निवासियों को फ्रांस की नागरिकता प्राप्त है। तमिल, तेलुगु, मलयालम, और फ्रांसीसी यहाँ की आधिकारिक भाषाएँ है। प्रत्येक जिले के साथ-साथ हर भाषा की स्थिति भिन्न है। विभिन्न जिलों के बीच संवाद स्थापित करने के लिए आमतौर पर अंग्रेज़ी का उपयोग किया जाता है। चूंकि इनकी सांस्कृतिक स्थिति एक सी है इसलिए इनका एक केन्द्र शासित क्षेत्र बनाया गया। देखें साथ का नक्शा


दुनिया के सबसे बड़े राष्ट्र के बारे में बताएं।
महेन्द्र जैन, बेलूर, कर्नाटक
mahenderjain5@gmail.com

सबसे बड़े राष्ट्र से आपका आशय सबसे बड़े देश से है तो इस श्रेणी में रूस सबसे बड़ा है। रूस का कुल क्षेत्र 1 करोड़ 70 लाख 98 हजार 242 वर्ग किलोमीटर है। दूसरे स्थान पर कनाडा है जिसका क्षेत्रफल 99 लाख, 46 हजार 670 वर्ग किलोमीटर है। पहले सात देशों की सूची इस प्रकार हैः-
1.रूस  1,70,98,242
2.कनाडा 99,84,670
3.संरा अमेरिका 96, 29, 091
4.चीन 95,96,961
5.ब्राजील 85,14,877
6.ऑस्ट्रेलिया 76,92,024
7.भारत 32,87,263


कैरीबियन देश कौन से हैं? ये किस महाद्वीप में हैं?
एनएम सिंगारिया, बोरवार, नागौर, 
singaria32@gmail.com


कैरीबियन सागर अटलांटिक महासागर से जुड़ा सागर है, जो उत्तरी अमरीका एवं दक्षिणी अमरीका के बीच में पूर्वी तट पर स्थित है। यह इलाका मैक्सिको की खाड़ी और उत्तरी अमेरिका के दक्षिण पूर्व में है। यहाँ करीब 7000 छोटे-छोटे द्वीप और टापू हैं। इन्हें वेस्टइंडीज़ भी कहा जाता है। यह उष्ण कटिबंधीय क्षेत्र में पश्चिमी गोलार्ध में आता है। इससे लगे देश कैरीबियन देश कहलाते हैं। इन देशों में से कुछ के नाम हैः- बहामास, क्यूबा, हेती, जमैका, प्यूर्तो रिको, एंटीग्वा, बरबूडा, डोमिनिका, ग्रेनाडा, ट्रिनिडाड और टुबैगो, बारबेडस, सेंट मार्टिन, वर्जिन आयलैंड्स वगैरह। 3 जनवरी 1958 से 31 मई 1962 तक यहां के दस देशों का वेस्टइंडीज़ संघ नाम से एक देश भी बना था। आज भी वेस्टइंडीज़ नाम से जो क्रिकेट टीम खेलती है वह इस इलाके के कई देशों के खिलाड़ियों को जोड़कर बनाई जाती है।

राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित मेरे कॉलम नॉलेज कॉर्नर में प्रकाशित

2 comments:

  1. देखा था, पर आज कुछ नई जानकारी मिली है

    ReplyDelete
  2. पुद्दुचेरी के विषय में अच्छी जानकारी दी आपने।
    वैसे पुद्धुचेरी के माहे,पुद्दुचेरी,देख चुका हूँ।

    ReplyDelete

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...