Sunday, April 15, 2012

पहली मिस इंडिया कौन थी?

पहली मिस इंडिया कौन थी.. अब तक कितनी मिस इंडिया विश्व सुंदरी बनी हैं..?

माना जाता है कि पहली मिस इंडिया एस्थर अब्राहम थीं, जो 1947 में चुनी गईं। उन्होंने प्रमिला नाम से फिल्मों में भी काम किया। अलबत्ता पहली बार मिस युनीवर्स में भारत की ओर से भाग लेने 1952 में गईं इन्द्राणी रहमान। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में पहली बार 1959 में हिस्सा लेने गईं फ्लोर एज़ीकेल। 1966 में पहली बार किसी भारतीय स्त्री को विश्व प्रतियोगिता जीतने का मौका मिला जब रीता फारिया मिस वर्ल्ड बनीं। इसके बाद 1994 में ऐश्वर्या राय, 97 में डायना हेडेन, 99 में युक्ता मुखी और 2000 में प्रियंका चोपड़ा मिस वर्ल्ड बनीं। इसी तरह 1994 में सुष्मिता सेन और 2000 में लारा दत्ता मिस युनीवर्स बनीं। सन 2010 में निकोल फारिया मिस अर्थ बनीं। मिस एशिया पैसिफिक में भी भारतीय सुन्दरियों को पुरस्कार मिले हैं। सन 1970 में ज़ीनत अमान, 1973 में तारा अन्ना फोनेस्का और 2000 में दिया मिर्ज़ा मिस एशिया पैसिफिक बनीं।

टीम इंडिया हाल ही में 800 इंटरनेशनल वनडे मैच खेलने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है.. भारत ने अपना पहला वनडे किसके खिलाफ खेला था और उसका क्या नतीजा रहा था..?
भारत ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय एकदिनी मैच 23 जुलाई 1974 को इंग्लैंड के विरुद्ध हैडिंग्ले में खेला। यह प्रूडेंशियल ट्रॉफी का पहला मैच था। इसमें इंग्लैंड ने भारत को चार विकेट से हराया।

निगेटिव ब्लड ग्रुप किसे कहते हैं.. और ये इतना रेयर क्यों होता है..?

खून के ग्रुप सिस्टम में सबसे कॉमन एबीओ सिस्टम है। रेड ब्लड सेल्स पर परोटीन की कोटिंग के आधार पर चार ग्रुप बनते हैं ए बी एबी और ओ। इसके बाद ए1, ए2 ए1बी या ओ2बी सब ग्रुप बनते हैं। इसके अलावा एक प्रोटीन इन ग्रुपों को बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसे आरएच फैक्टर कहते हैं। यदि यह खून में होता है तो खून के टाइप को पॉज़िटिव और नहीं होता तो निगेटिव कहते हैं। इनमें ओ निगेटिव का सभी रक्त समूहों से मेल हो सकता है। इसलिए इसकी सबसे ज्यादा ज़रूरत होती है।

ब्लड मनी क्या होता है? ब्लड मनी का अर्थ है किसी हत्यारे से खून की कीमत लेना। दुनिया के कई देशों में पुरानी परम्परा है कि यदि कोई व्यक्ति की हत्या कर देता है तो उसे एक राशि मृतक के वारिसों को देनी होगी।

जागते हुए हम कभी भी कोई ऐसा चेहरा इमेजिन नहीं कर सकते जिसे कभी न कभी देखा न हो.. पर सपने में हम ऐसा चेहरा कैसे देख लेते हैं..?
सपनों का मनोविज्ञान काफी जटिल है, पर सामान्य धारणा है कि आपके सपने आपके अवचेतन से ही बनते हैं। जैसे जागते समय आप विचार करते हैं वैसे ही सोते समय आपके विचार आपको दिखाई पड़ते हैं। इनमें काल्पनिक चेहरों की रचना कोई मुश्किल काम नहीं है। दूसरी बात यह है कि आप रोज जितने चेहके देखते हैं सबको याद नहीं रख पाते। सपनों में ऐसे चेहरे भी आ सकते हैं।


कहते हैं ताजमहल का सपना शाहजहां ने देखा.. जिसे हजारों मजदूरों ने अपना खून-पसीना एक करके साकार किया.. लेकिन सवाल ये है कि इतने खूबसूरत शाहकार का चीफ आर्किटेक्ट कौन था..? ताजमहल का वास्तुकार कौन है यह दावे के साथ आज भी नहीं कहा जा सकता। इतना जरूर समझ में आता है कि वास्तुकारों और निर्माण विशेषज्ञों के समूह के साथ शाहजहाँ स्वयं भी सक्रिय रूप से इसमें शामिल थे। उस्ताद अहमद लाहौरी को इसके श्रेय का सर्वाधिक उपयुक्त व्यक्ति विचार किया जाता है, एक प्रधान वास्तुकार के रूप में। यह भी माना जाता है कि तुर्की के इस्माइल अफांदी से भी सलाह ली गई थी।


क्या एलियंस यानी पराग्रही जीव वाकई होते हैं..? फैक्ट्स के साथ बताइए..?
एलियन का शाब्दिक अर्थ है अजनबी या परदेसी। पर हम इसका मतलब अब दूसरे ग्रहों पर रहने वाले प्राणियों के रूप में भी लेने लगे हैं। यह बात आज भी कल्पना के स्तर पर है। अभी तक ऐसे प्रमाण नहीं हैं, जिनसे साबित हो कि धरती से बाहर कहीं जीवन है भी या नहीं। हाँ ऐसी सम्भावनाएं हैं कि बाहर कहीं जीवन हो सकता है, पर वह जीवन कैसा है यह कहना भी मुश्किल है।

चीन में बुलेट ट्रेन शुरू हो गई.. हमारे देश में बुलेट कब दौड़ेगी..?
बुलेट ट्रेन से आपका आशय तेज गति से चलने वाली ट्रेनों से है। हमारे यहाँ राजधानी, शताब्दी और दूरंतो गाड़ियाँ सबसे तेज चलती हैं। इनकी गति ज्यादा से ज्यादा 160 किमी प्रति घंटा है। जापान की बुलेट ट्रेन 350 किमी की गति से चलती है। भारत में इस प्रकार की रेलगाड़ियाँ चलाने का कार्यक्रम बन रहा है। देश के छह कॉरीडोर इसके लिए पहचाने गए हैं। संसद में जल्द ही नेशनल हाई स्पीड रेल ऑथरिटी विधेयक पेश किया जाएगा। यह संस्था इसके लिए कार्यक्रम बनाएगी। इस काम में जापान सरकार से सहयोग लेने की योजना है।

लोहा ज्यादा काम की चीज है.. फिर हीरा बेशकीमती क्यों..? किसी भी चीज़ की कीमत उसकी माँग और आपूर्ति पर भी निर्भर करती है। हीरा अपने कलर क्लैरिटी और कट के कारण जितना रेयर होगा उतना महंगा होता जाएगा। लोहा कितना ही उपयोगी हो उसकी उपलब्धि उसे सस्ता बनाएगी। हमारे जीवन के लिए तो हवा और पानी लोहे और हीरे से ज्यादा ज़रूरी हैं, पर मुफ्त में मिलते हैं।

 दुनिया के सबसे छोटे और सबसे लंबे कद के इंसान कौन हैं.. और उनकी हाइट कितनी है..? गिनीज़ बुक के अनुसार नेपाल के चन्द्रबहादुर डांगी इस वक्त दुनिया के सबसे छोटे कद के व्यक्ति हैं। उनका कद है 54.6 सेंमी यानी 21.5 इंच। तुर्की का सुलतान कोसेन इस वक्त संसार का सबसे लम्बा व्यक्ति है। 10 दिस 1982 को जन्मे सुलतान की लम्बाई 251 सेंमी यानी 8 फुट 3 इंच है। यह माप 8 फरवरी 2011 को ली गई थी।


कोई इंसान नींद में कैसे चल सकता है..? नींद में चलना एक प्रकार का स्लीप डिसॉर्डर है। इसे अधूरी नीद या अधूरी चेतना की स्थिति कह सकते हैं। मनोचिकित्सक इसका अध्ययन कर ही रहे हैं। व्यक्ति को ऐसी स्थित में याद कुछ नहीं रहता। अक्सर ऐसे मामले भी हुए हैं, जब व्यक्ति नीद में रहते हुए भी कई तरह के काम कर लेता है। खाना बनाना, ईमेल करना और मित्रों को फोन करना भी। यह 30 सेकंड से 30 मिनट तक रहता है।


हर हिंदी मूवी में गाने क्यों होते हैं.. क्या ऐसी कोई फिल्म है..जिसमे गाने नहीं हैं..?

बगैर गीत की हिन्दी फिल्म की कल्पना बहुत कम लोग करते हैं, पर कुछ फिल्में बनी हैं। इनमें 1937 में बनी फिल्म नौजवान है, मुन्ना, कानून, पुष्पक, अचानक और हाल में बनी ब्लैक ऐसी फिल्में हैं।


इलेक्शन पांच साल बाद ही क्यों होते हैं..? हमारे संविधान के अनुच्छेद 63(2) के अनुसार लोकसभा का कार्यकाल पाँच वर्ष है। इसलिए चुनाव पाँच साल में होते हैं। विधानसभाओं के साथ भी ऐसा ही है। लोकसभा पाँच साल के पहले भी भंग की जा सकती है और आपत्काल में उसका कार्यकाल बढ़ाया भी जा सकता है। राज्.सभा में एक सदस्. का कार्यकाल छह साल होता है, पर चुनाव हर दो साल में होते हैं।

सम्राट अशोक से जुड़ी चीजें देखनी हों.. तो कौन से म्यूजियम में जाएं..? किसी एक संग्रहालय में सम्राट अशोक से जुड़ी सामग्री नहीं मिल पाएगी। मेरा सुझाव है कि आप उनके बारे में कोई एक पुस्तक लें और फिर देश-विदेश में उन स्थानों पर जाएं जहाँ उनके लगाए शिलालेख या अन्य ऐतिहासिक धरोहर है।


मैरिज सिस्टम को किसने बनाया.. सबसे पहले किसकी शादी हुई.. और अब तक की सबसे बड़ी शाही शादी कौन सी है..? विवाह एक सामाजिक संस्था है। इसका विकास सनाज के साथ हुआ है। यह कहना मुश्किल है कि समाज किसने बनाया। विवाह का अर्थ केवल स्त्री-पुरुष का संयोग या बच्चों को जन्म देने तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार और समाज-व्यवस्था को चलाना है। अब तक की सबसे बड़ी शाही शादी के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। पिछले साल इंगलैंड के राजकुमार विलियम की शादी कैथरीन मिडलटन से हुई। उसके पहले 1981 में पिर्स चार्ल्स की शादी डायना स्पेंसर से हुई। सन 1947 में राजकुमारी एलिजाबेथ की शादी फिलिप माउंटबेटन से हुई थी। हर शादी का जश्न शानदार होता है। अब तो फिल्म कलाकारों और पूँजीपतियों की शादियाँ ज्यादा शानदार होती हैं।


पेट्रोल को लेकर अभी इतनी मारामारी मची है.. पचास सौ साल बाद जब पेट्रोल और कम हो जाएगा.. और जब कभी ये खत्म हो जाएगा.. फिर दुनिया कैसे दौड़ेगी..?
फिलहाल नाभिकीय ऊर्जा सबसे बड़ा विकल्प है। इसके अलावा हाईड्रोजन, सौर ऊर्जा और भूगर्भीय ऊर्जा के इस्तेमाल की कोशिशें चल रही हैं। उम्मीद है इंसान रास्ते और साधन खोज लेगा।


फोन या मोबाइल पर या किसी से मिलते वक्त हम सबसे पहले हलो क्यों बोलते हैं..?
हेलो या हलो मूलतः अपनी तरफ ध्यान खींचने वाला शब्द है। यह पुरानी जर्मन भाषा के हाला या होला से बना है। संयोग से इसे टेलीफोन ने बहुत लोकप्रियता दी। 10 मार्च 1876 को अलेक्जेंडर ग्राहम बैल के टेलीफोन आविष्कार को पेटेंट मिला। वे शुरू में टेलीफोन पर बात शुरू करने के लिए अहोय शब्द का इस्तेमाल करते थे। यह शब्द समुद्री नाविक एक-दूसरे का ध्यान खींचने के लिए इस्तेमाल करते हैं। सन 1877 में टॉमस एडीसन ने हेलो शब्द का इस्तेमाल करने की सलाह दी जो अंततः सभी ने मान ली।

एफएम गोल्ड के कार्यक्रम बारिश सवालों की में शामिल

No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...