Monday, August 3, 2015

किस देश के लोग सबसे ज्यादा काम करते हैं?

किस देश के लोग सबसे ज्यादा काम करते हैं? और इंडिया में किस शहर के?

इसका हिसाब लगाना काफी मुश्किल है कि किस देश के लोग सबसे ज्यादा मेहनत करते हैं। ऑर्गेनिजेशन फॉर इकोनॉमिक कोऑपरेशन एंड डेवलपमेंट ने एक सर्वे में काम के औसत घंटों के आधार पर निष्कर्ष निकाला था कि मैक्सिको के लोग सबसे ज्यादा समय काम को देते हैं। स्लोवेनिया (8.15), अमेरिका (8.16), न्यूजीलैंड (8.18), चीन (8.24), ऑस्ट्रिया (8.23), कनाडा (8.37), पुर्तगाल (8.48), जापान (9.00), मैक्सिको (9.54) भारत में एक व्यक्ति का यह औसत 8.1 घंटे का है। भारत के शहरों का डेटा नहीं है, पर दिल्ली, कोलकाता, मुम्बई, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे शहर इसमें आगे होंगे।

माइक्रोफोन का आविष्कार किसने किया? और माइक्रोवेव का भी?
माइक्रोफोन का आविष्कार पहले टेलीफोन वॉइस ट्रांसमिटर के रूप में हुआ था। इसका श्रेय एमाइल बर्लाइनर को जाता है, जिन्होंने 1876 में इसका आविष्कार किया। माइक्रोफोन का इस्तेमाल टेलीफोन, टेपरिकॉर्डर, कराओके, हियरिंग एड्स, रेडियो, टेलीविज़न, कम्प्यूटर वगैरह-वगैरह में होता है।

माइक्रोवेव से आपका आशय शायद माइक्रोवेव अवन से है। दोनों का कोई रिश्ता नहीं है। बहरहाल सन 1946 में पर्सी स्पेंसर नाम के एक इंजीनियर कोई शोधकार्य कर रहे थे। वे मैग्नेट्रोन पर काम कर रहे थे कि अचानक उनकी जेब में रखी कैंडी पिघल गई। वे उसका कारण समझ नहीं पाए। बाद में उन्होंने पॉपकॉर्न के दाने रखकर देखें वे फूल गए। इसके बाद उन्होंने मैग्नेट्रॉन ट्यूब के पास एक अंडा ले जाकर देखा। थोड़ी देर बाद अंडे के भीतर हलचल होने लगी। और कुछ देर बाद वह पककर फट गया। इसके बाद पर्सी स्पेंसर और उनके साथियों ने निष्कर्ष निकाला कि अंडे के भीतर लो डेंसिटी की माइक्रोवेव इनर्जी बन रही है। सिद्धांत यह बना कि अंडा पक सकता है तो खाना भी पक सकता है। पहला माइक्रोवेव अवन टप्पन नाम की कम्पनी ने 1955 में बाजार में उतारा।

जेनेटिकली मोडिफाइड फूड्स क्या हैं?
जेनेटिकली मोडिफाइड या बायोटेक फूड्स से आशय उस खाद्य सामग्री से है, जिसे उगाने के लिए प्रयुक्त बीजों के डीएनए में बदलाव किया जाता है। यह बदलाव उपज बढ़ाने के अलावा रोगों से लड़ने, खास परिस्थितियों जैसे की ज्यादा पानी या कम पानी में फसल उगाने आदि के काम आता है। हमारे देश में अभी तक इस प्रकार की खाद्य सामग्री की अनुमति नहीं है।

रंगास्वामी नाम किस खेल से जुड़ा है?
भारत में पुरुषों की राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का नाम है रंगास्वामी कप। पचास के दशक में जब यह प्रतियोगिता मद्रास में शुरू हुई तो यह कप एक समाचार पत्र की ओर से अपने सम्पादक रंगास्वामी की स्मृति में दिया गया।

पत्रकार दिवस क्या होता है?
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 3 मई को प्रेस की स्वतंत्रता का दिवस घोषित किया है। इसे हम विश्व पत्रकारिता दिवस कहते हैं। इसी तरह 30 मई को हम हिन्दी पत्रकारिता दिवस मनाते हैं क्योंकि 30 मई 1826 को कोलकाता से उदंत मार्तंड का प्रकाशन शुरू हुआ था।

विश्व की सबसे पुरानी मैगज़ीन कौन सी है?
जनवरी सन 1731 में लंदन से प्रकाशित जेंटलमैंस मैगज़ीन को दुनिया की सबसे पुरानी मैगजीन मान सकते हैं। मैगज़ीन शब्द की शुरूआत ही इसने की। यह पत्रिका सन 1922 तक चली। अलबत्ता सन 1939 में प्रकाशित स्कॉट्स मैगज़ीन को दुनिया की ऐसी सबसे पुरानी मैगजीन कह सकते हैं जो आज भी प्रकाशित हो रही है। यह ग्लासगो से प्रकाशित होती है।

No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...