Tuesday, July 26, 2016

मेट्रो ट्रेन क्या बिना चालक एवं गार्ड के चलती हैं?

दुनिया में कम से कम 32 मेट्रो अपने यहाँ ड्राइवर-रहित ट्रेनें संचालित करते हैं। इससे ज्यादा ट्रेनों पर काम चल रहा है। दिल्ली मेट्रो भी जल्द बिना चालक की गाड़ियाँ चलाने वाली है। सन 1967 में लंदन की अंडरग्राउंड विक्टोरिया लाइन की शुरूआत ऑटोमेटेड ट्रेन से हुई। इसी तरह की मेट्रो गाड़ियाँ कोपेनहेगन, बार्सिलोना और पेरिस में चलती हैं। जापान, हांगकांग, ताइपेह, सिंगापुर और दुबई समेत अनेक स्थानों पर गाड़ियाँ बगैर ड्राइवर के चलतीं है। दर असल इस तरह के रेलवे में सिग्नल से लेकर संचार तक तमाम चीजें कम्प्यूटर नियंत्रित और स्वचालित हो चुकीं हैं। कई जगह एक-दो व्यक्तियों का स्टाफ दरवाजे खोलने या आपातकालीन परिस्थितियों में काम करने के लिए भी रखा जाता हैं। मोटे तौर पर देखें तो ड्राइवर को ट्रेन चलाने के लिए एक या दो बटन दबाने होते हैं। उसे अपने कंट्रोलर के निर्देशों पर यह काम करना होता है। ट्रेन कंट्रोल भी अब ऑटोमेटिक हो गया है। ट्रेन ही नहीं अब हवाई जहाज उड़ाने के अनेक काम ऑटोमेटिक होते हैं। 

एमटीसीआर का मतलब क्या है?
भारत मिसाइल टेक्नोलॉजी कंट्रोल रेजीम (एमटीसीआर) का नवीनतम सदस्य है। हाल में 27 जून 2016 को भारत इस ग्रुप की आधिकारिक रूप से सदस्य बन गया। एमटीसीआर का मकसद बैलिस्टिक मिसाइल तथा हथियार ले जाने वाले दूसरे डिलीवरी सिस्टम की तकनीक के आदान-प्रदान को नियंत्रित करना है, जिनका रासायनिक, जैविक और परमाणु हमलों में उपयोग किया जा सकता है। भारत को मिलाकर इस वक्त इस ग्रुप में 35 देश शामिल हैं। सभी देश प्रमुख मिसाइल निर्माता देश हैं। इसकी स्थापना 1987 में हुई। भारत से पहले आखिरी बार बल्गारिया 2004 में इस समूह का सदस्य बना था। भारत के पड़ोसी चीन और पाकिस्तान इस समूह के सदस्य नहीं है। एमटीसीआर का सदस्य न होने के नाते भारत की मिसाइल तकनीक तक सीमित पहुंच थी। सदस्य बनने के बाद भारत पर लगा अंकुश हट गया है। इससे हमारे अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए जरूरी तकनीक मिल सकेगी। साथ ही अमेरिका से ड्रोन तकनीकी पाना आसान हो जाएगा।

विम्बलडन क्या है?

विम्बलडन प्रतियोगिता दुनिया में सबसे पुराना टेनिस टूर्नामेंट है। इसे दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता माना जाता है। सन 1877 के बाद से यह प्रतियोगिता लन्दन के उपनगर विम्बलडन के ऑल इंग्लैण्ड क्लब में होती है। यह एकमात्र प्रतियोगिता है, जो आज भी खेल की मूल सतह, घास, पर खेली जाती है, जिससे लॉन टेनिस को इसका नाम मिला। यह प्रतियोगिता जून के अंत में और जुलाई के प्रारंभ में दो सप्ताहों से अधिक समय के लिए खेली जाती है। इसमें महिलाओं और पुरुषों के सिंगल्स फाइनल क्रमशः दूसरे शनिवार और रविवार को खेले जाते हैं।

भारत में कुल कितने गाँव हैं?
सन 2011 की जनगणना के अनुसार हमारे देश में गाँवों की संख्या 6,38,000 है।

आलू की खेती कहां शुरू हुई?
वैज्ञानिक अनुसंधानों से पता लगा है कि सबसे पहले लैटिन अमेरिकी देश पेरू के दक्षिणी हिस्से में सबसे पहले आलू पैदा हुआ। यह बात करीब दस-ग्यारह हजार साल पहले की है। यूरोप से स्पेन के लोगों ने जब इस इलाके पर विजय हासिल की तो वे अपने साथ यूरोप इसे लाए। भारत में भी आलू यूरोप से आया है।

एक क्यूसेक में कितने लीटर होते हैं?
क्यूसेक बहते पानी या तरल का पैमाना है और लिटर स्थिर तरल का। क्यूसेक माने होता है क्यूबिक फीट पर सेकंड। यानी एक फुट चौड़े, एक फुट लम्बे और एक फुट गहरे स्थान से क सेकंड में जितना पानी निकल सके। सामान्यतः एक क्यूसेक में 28.317 लिटर पानी होता है।
  
राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में प्रकाशित

1 comment:

  1. आपकी ब्लॉग पोस्ट को आज की ब्लॉग बुलेटिन प्रस्तुति डॉ. ए पी जे अब्दुल कलाम जी की प्रथम पुण्यतिथि और ब्लॉग बुलेटिन में शामिल किया गया है। सादर ... अभिनन्दन।।

    ReplyDelete

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...