Thursday, September 14, 2017

पक्षी सोते समय नीचे क्यों नहीं गिरते?

आपका सवाल यह भी हो सकता है कि पक्षी अपने घोंसले में क्यों नहीं सोते। दरअसल वे घोसला सोने के लिए नहीं अंडों को सुरक्षित रखने के लिए बनाते हैं। अंडे सेने के वक्त कोई माता या पिता पक्षी घोंसले में रहता है। अन्यथा सोते वे किसी पेड़ की डाल पर या किसी अन्य सुरक्षित जगह पर हैं। पक्षी जब पेड़ की डाल पर बैठता हैं तो उनके पंजों की खास बनावट उन्हें डाल से "बांध" देती है। जैसे ही पक्षी डाल पर या तार पर बैठता है उसके शरीर के बोझ की वजह से पंजे के स्नायु डाल या तार के ऊपर मजबूती से जुड़ जाते हैं और फिर जब उसे उड़ना होता है तो उसे ठीक उसी तरह से प्रयास करना पड़ता है जिस तरह से हमें लटकने के लिए प्रयास करना पड़ता है। पक्षी डाल पर बैठ कर आराम से सो सकता है क्योंकि उसके पंजों की बनावट उसे गिरने नहीं देती। परंतु यह गुण हर पक्षी को नहीं मिला। शुतुरमुर्ग कभी डाल पर नहीं सो सकता और ना ही बतख। उनके पंजों की सरंचना अलग है और वे जमीन पर ही सो सकते हैं।

ताजमहल का चीफ आर्किटेक्ट कौन था?
ताजमहल का वास्तुकार कौन है यह दावे के साथ आज भी नहीं कहा जा सकता। इतना जरूर समझ में आता है कि वास्तुकारों और निर्माण विशेषज्ञों के समूह के साथ शाहजहाँ स्वयं भी सक्रिय रूप से इसमें शामिल थे। उस्ताद अहमद लाहौरी को इसका श्रेय देने के लिए सर्वाधिक उपयुक्त व्यक्ति माना जाता है, एक प्रधान वास्तुकार के रूप में। यह भी माना जाता है कि तुर्की के इस्माइल अफांदी से भी सलाह ली गई थी।

पहली मिस इंडिया कौन थी?
माना जाता है कि पहली मिस इंडिया एस्थर अब्राहम थीं, जो 1947 में चुनी गईं। उन्होंने प्रमिला नाम से फिल्मों में भी काम किया। अलबत्ता पहली बार मिस युनीवर्स में भारत की ओर से भाग लेने 1952 में गईं इन्द्राणी रहमान। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में पहली बार 1959 में हिस्सा लेने गईं फ्लोर एज़ीकेल। 1966 में पहली बार किसी भारतीय स्त्री को विश्व प्रतियोगिता जीतने का मौका मिला जब रीता फारिया मिस वर्ल्ड बनीं। इसके बाद 1994 में ऐश्वर्या राय, 97 में डायना हेडेन, 99 में युक्ता मुखी और 2000 में प्रियंका चोपड़ा मिस वर्ल्ड बनीं। इसी तरह 1994 में सुष्मिता सेन और 2000 में लारा दत्ता मिस युनीवर्स बनीं। सन 2010 में निकोल फारिया मिस अर्थ बनीं। मिस एशिया पैसिफिक में भी भारतीय सुन्दरियों को पुरस्कार मिले हैं। सन 1970 में ज़ीनत अमान, 1973 में तारा अन्ना फोनेस्का और 2000 में दिया मिर्ज़ा मिस एशिया पैसिफिक बनीं। यह सूची काफी लम्बी है।

निगेटिव ब्लड ग्रुप किसे कहते हैं? यह इतना रेयर क्यों होता है?
खून के ग्रुप सिस्टम में सबसे कॉमन एबीओ सिस्टम है। रेड ब्लड सेल्स पर प्रोटीन की कोटिंग के आधार पर चार ग्रुप बनते हैं ए बी एबी और ओ। इसके बाद ए1, ए2 ए1बी या ओ2बी सब ग्रुप बनते हैं। इसके अलावा एक प्रोटीन इन ग्रुपों को बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसे आरएच फैक्टर कहते हैं। यदि यह खून में होता है तो खून के टाइप को पॉज़िटिव और नहीं होता तो निगेटिव कहते हैं। इनमें ओ निगेटिव का सभी रक्त समूहों से मेल हो सकता है। इसलिए इसकी सबसे ज्यादा ज़रूरत होती है।

क्या हमारे देश के कोई राष्ट्रपति पाकिस्तान गए हैं?

अभी तक हमारे देश के कोई राष्ट्रपति पाकिस्तान नहीं गए हैं। अलबत्ता 13 अप्रेल 1955 में पाकिस्तान के तत्कालीन हाई कमिश्नर ने तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ राजेन्द्र प्रसाद के पास जाकर उनसे 14 अगस्त को पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया था। पर यह यात्रा हो नहीं पाई।
राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में 28 मई 2017 को प्रकाशित

No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...