Sunday, October 8, 2017

दुनिया में कितने सक्रिय ज्वालामुखी हैं?

दुनिया में सक्रिय ज्वालामुखियों की नवीनतम संख्या 1,343 है। इनमें वे ज्वालामुखी भी शामिल हैं, जो समुद्र में पानी के भीतर हैं। इंडोनेशिया में जहाँ 13,600 द्वीप हैं, 76 सक्रिय ज्वालामुखी हैं। अलबत्ता इंडोनेशिया के ज्ञात इतिहास में 1,171 ज्वालामुखियों के फूटने और जापान में 1,274 ज्वालामुखी फूटने का विवरण मिलता है।

पहिया सबसे पहले कब और कहां बना ?

पहिए का विवरण मेसोपोटामिया, उत्तरी कॉकेशस, मध्य यूरोप, मिस्र से लेकर सिंध घाटी तक हर जगह मिलता है। इसलिए यह कहना मुश्किल है कि सबसे पहले यह कहाँ बना। ऐसा लगता है कि मनुष्य ने सबसे पहले लकड़ी के लट्ठों को लुढ़का कर उनके सहारे भारी चीजें खिसकाना सीखा। बाद में यही लट्ठा छोटा होकर पहिया बना।

दूर की बड़ी वस्तु की तुलना में निकट की छोटी वस्तु भी बड़ी क्यों नज़र आती है?

चित्रकला में इसे पर्सपेक्टिव कहा जाता है। जब आप किसी दृश्य का चित्रांकन करना चाहते हैं तो दूर की चीजों का आकार छोटा होता जाता है। समांतर रहने वाली रेल पटरियाँ भी कहीं आपस में मिलती नज़र आती हैं। किसी लम्बे गलियारे का फोटोग्राफ आप देखें तो दूर वाला हिस्सा छोटा होता जाता है। इसका सम्बन्ध हमारी दृष्टि और प्रकाश की किरणों से है। ज्यामितीय गणित में इस विषय का अध्ययन भी किया जाता है।

जीडीपी क्या है?

जीडीपी है ग्रॉस डोमेस्टिक प्रोडक्ट अर्थात सकल घरेलू उत्पाद। पूरे देश की आर्थिक गतिविधियों को एक साथ जोड़कर एक जगह रखें तो जो हिसाब बनेगा वह है जीडीपी। आर्थिक गतिविधियों में उत्पादन और सेवाएं दोनों शामिल हैं। उत्पादन में उद्योगों, खेती और तमाम छोटे धंधों का काम शामिल है। सेवाएं मुख्यत: चिकित्सा, शिक्षा, हॉस्पिटैलिटी यानी होटल और टेलीफोन आदि की हैं। देश के निजी और सरकारी उपभोग, पूँजी निवेश और सभी गतिविधियों का वास्तविक मूल्य जोड़कर प्राप्त राशि को देश की जनसंख्या से भाग देने पर जो राशि प्राप्त होती है वह औसत प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद है। इसमें होने वाली वृद्धि के प्रतिशत के आधार पर हम अपनी प्रगति को आँकते हैं।

फल और सब्जी में अंतर क्या होता है?

यदि आपसे पूछा जाए कि आम फल है या सब्जी, तो आप आसानी से जवाब दे देंगे कि फल है। और पूछें कि लौकी के बारे में पूछें तो बता देंगे कि सब्जी। पर टमाटर, कद्दू या पके कटहल को लेकर संदेह होता है। वनस्पति विज्ञान के लिहाज से तीनों फल हैं। बल्कि इस सूची में काफी चीजें ऐसी हैं, जिन्हें हम सब्जी मानते हैं, वे फल हैं। 

सामान्यतः खाद्य वनस्पति जिसमें बीज होते हैं फल है और जिसमें बीज नहीं होते सब्जी है। इस परिभाषा से तमाम फलियाँ, मटर और खीरा तक फल हैं। वनस्पति विज्ञान के अनुसार बादाम, अखरोट, मूँगफली यानी नट भी फल हैं। अनाज भी, क्योंकि सब बीज हैं।

सवाल है कि तब सब्जी क्या है? पौधे में फल के अलावा जो कुछ खाद्य है वह सब्जी है। मसलन जड़ जैसे गाजर, मूली, पत्ते जैसे पालक, मेथी तना जैसे अदरक, फूल जैसे फूलगोभी और कंद जैसे आलू। तब फिर हम बहुत से फलों को सब्जी क्यों कहते हैं? यह परंपराओं की वजह से है। हमने स्वाद के आधार पर फल तय किए हैं। कटहल (जैकफ्रूट) की सब्जी भी बनती है और उसे पके फल की तरह भी खाते हैं। केले और पपीते का इस्तेमाल भी सब्जी की तरह होता है। 
राजस्थान पत्रिका के नॉलेज कॉर्नर में प्रकाशित

No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...